- उज्जैन में चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ: हरसिद्धि मंदिर में हुई घट स्थापना, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़!
- महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए गायक विशाल मिश्रा, नववर्ष कार्यक्रम से पहले लिया आशीर्वाद
- गुड़ी पड़वा पर उज्जैन में नववर्ष का हुआ भव्य आगाज: शिप्रा किनारे जुटी हजारों की भीड़, महाकाल मंदिर में वैदिक मंत्रों के बीच होगा ध्वजारोहण; दोपहर में CM करेंगे विकास कार्यों का लोकार्पण
- तड़के भस्म आरती में उमड़ी भीड़: गुड़ी पड़वा पर बाबा महाकाल ने दिव्य रूप में दिए दर्शन, ‘जय श्री महाकाल’ से गूंजा मंदिर
- उज्जैन में गूंजेगा “नववर्ष का शंखनाद”, गुड़ी पड़वा पर महाकाल मंदिर में लहराएगा ब्रह्मध्वज
उज्जैन के छात्र की कनाडा में मौत: CM मोहन यादव परिवार से मिले, अंतिम संस्कार तक हर मदद का भरोसा
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
कनाडा में उज्जैन के छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की दर्दनाक मौत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को उसके घर पहुंचे। पार्श्वनाथ सिटी स्थित निवास पर उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्र का पार्थिव शरीर भारत लाने से लेकर अंतिम संस्कार तक की पूरी प्रक्रिया में साथ खड़ी रहेगी और खर्च की जिम्मेदारी भी उठाएगी।
कनाडा सरकार से संपर्क में सरकार
सीएम ने बताया कि इस मामले में भारत सरकार के माध्यम से कनाडा सरकार से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और शहर का दुख है। ऐसे में सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी ताकि छात्र का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाया जा सके।
घटना ने झकझोर दिया
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन शहर में गुरकीरत सिंह पर कुछ युवकों ने हमला किया था। पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर उस पर वाहन चढ़ा दिया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गुरकीरत नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट का पोस्ट डिग्री डिप्लोमा कर रहा था। इस घटना की सूचना परिवार को उसके मित्र ने दी, जिसके बाद घर में शोक का माहौल छा गया।
आर्थिक बोझ बना बड़ी चिंता
परिजनों के मुताबिक, कनाडा में प्रक्रियाओं के चलते पार्थिव शरीर सौंपने के लिए करीब 40 हजार डॉलर (लगभग 35 लाख रुपए) जमा करने को कहा गया है। इसके अलावा बॉडी को भारत लाने में भी लाखों रुपए का खर्च आ सकता है।
गुरकीरत के पिता ने केंद्र और राज्य सरकार से मदद की अपील की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री खुद परिवार से मिलने पहुंचे और सहायता का भरोसा दिया।