दीप पर्व:देश में पहली बार गोवर्धन पूजा पर गोवंश काे अन्नकूट, फल, हरी सब्जियां व चार प्रकार की रोटियां सहित 56 भोग लगाए

  • उज्जैन के अंकपात मार्ग स्थित शीतला माता गोशाला में अनाज मंडी व्यापारियों ने मनाया अनूठा उत्सव

देश में पहली बार गोवर्धन पूजा के दिन बुधवार को शहर में गो माता को अन्नकूट लगाया। उन्हें 56 से ज्यादा प्रकार की खाद्य सामग्री परोसी गई। शहर के अंकपात मार्ग स्थित शीतला माता गोशाला में कृषि उपज मंडी के व्यापारियों ने यह अनूठा उत्सव मनाया। सुबह 10.30 बजे से गोवंश के पूजन से शुरू हुआ उत्सव शाम 4 बजे तक चला। आयोजन श्री बालकृष्णदासजी महाराज के सानिध्य में किया गया।

अनाज तिलहन व्यवसायी संघ की अगुवाई में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गोवंश पूजन में भागीदारी की। संघ के अध्यक्ष गोविंद खंडेलवाल ने यह दावा किया है कि यह आयोजन देश में पहली बार हुआ है। हमारा लक्ष्य पांच हजार किलो खाद्य सामग्री परोसने का था लेकिन बुधवार को यह आंकड़ा बढ़कर 8501 किलो तक पहुंच गया।

पूजन के बाद गोशाला में गोवंश को परोसी यह सामग्री
चारा – 5 प्रकार का, भूसा-5 प्रकार का, खली-3 प्रकार की, पशु आहार-5 प्रकार की।
रोटियां- गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का।
कच्ची सब्जियां – बैंगन, पालक, मूली, टमाटर, मैथी, ककड़ी, लोकी, टिंडे, पालक, आलू।
धानी- चावल, मक्का, गेहूं।

परंपरा को बचाए रखने लगाया अन्नकूट
घर में बनाए भोजन में से पहली रोटी गाय को दी जाती है। इसी परंपरा को कायम रखने के लिए व्यापारियों ने गोवंश को अन्नकूट लगाया। संघ अध्यक्ष खंडेलवाल बताते हैं कि इसके लिए संघ की बैठक बुलाई गई। इसमें तय हुआ कि जिस तरह घर में भगवान को भोग लगाने से पहले गोमाता को पहली रोटी दी जाती है, उसी प्रकार अन्नकूट की शुरुआत गोवंश से की जाए। सहमति बनी और सामग्री एकत्र हो गई।

अगले साल से अन्य गोशाला में भी लगाएंगे

गोवंश को अन्नकूट लगाने का यह देश में पहला अवसर था। संघ अध्यक्ष का कहना है कि अगले साल से शहर की अन्य गोशाला में इस तरह के आयोजन किए जाएंगे। इसके लिए अन्य सामाजिक संगठनों का सहयोग लेंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा गाेवंश का पूजन, अर्चन किया जा सके।

Leave a Comment