पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उज्जैन में कहा:प्रदेशवासी सरकार के भरोसे नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उज्जैन में कहा कि हमारा भारत आज भाजपा सरकार के कारण विश्व भर में बदनाम हो रहा है। पहले चीन का कोरोना कहा जाता था। आज पूरे विश्व में सारी मीडिया रिपोर्ट ने इसका नाम भारतीय वैरीअंट कोरोना लिख दिया है। कई देशों के प्रमुख इसे भारतीय वैरीअंट के नाम से पुकार रहे हैं। हमारे देश के कई छात्र व जो नौकरी कर रहे है वो वापस नहीं जा पा रहे है। कुछ भारतीय जो विदेशों में टैक्सी चलाते हैं, उनकी टैक्सी में लोग बैठने को तैयार नहीं है। यह जो भारत महान बनाने की बात करते थे, उनकी असलियत सामने आ रही है।

मीडिया से चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार कोरोना से नहीं लड़ रही है। आलोचना से लड़ रही हैं। मीडिया के लोगों को भी दबाया जा रहा है। उन पर भी प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। यह आज इमेज मैनेजमेंट में लगे हैं। मोदी जी खुद को विश्वगुरु बताते थे। कहते थे कोरोना की लड़ाई हम जीत गए। 6.60 लाख वैक्सीन का निर्यात कर दिया और आज देशवासी वैक्सीन के लिए भटक रहे है।

कितने शव आए रिकॉर्ड दीजिए

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मैंने कल ही प्रश्न पूछा था कि कोरोना के मौत के आंकड़े क्यों दबाए-छुपाए जा रहे हैं। मैंने कल ही कहा था कि कितने शव मुक्तिधाम-कब्रिस्तान में आए है। इसका रिकॉर्ड दे दीजिए। जनता खुद फैसला कर लेगी। मैंने प्रदेश के सभी 52 जिलों से जानकारी बुलाई है। जिसमें एक लाख 27 हज़ार शव मार्च और अप्रैल में मुक्तिधाम और कब्रिस्तान में पहुंचे है। मेरे हिसाब से उसमें से 80% की मृत्यु कोविड से हुई। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवराज जी ने कहा कि जिनकी कोरोना से मृत्यु हुई, उन्हें एक लाख की अनुग्रह राशि देंगे। मैंने कहा एक लाख नहीं 5 लाख दीजिए और किस सर्टिफिकेट पर आप देंगे। किस आधार पर देंगे, यह भी बताइएं। नरोत्तम मिश्रा मुझसे प्रमाण मांग रहे है। आपके पास तो रिकॉर्ड है। आप मुक्तिधाम, कब्रस्तान के रिकॉर्ड और रजिस्टर को सार्वजनिक करिए। मुझे गलत साबित करिए, मैं माफी मांग लूंगा।

बाबा महाकाल के शिखर दर्शन कर की पूजा अर्चना, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नूरी खान के घर पहुंचे

शनिवार को सुबह पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ उज्जैन पहुंचे है। उन्होंने बाबा महाकाल के शिखर दर्शन कर पूजा अर्चना की। पूर्व मुख्यमंत्री ने शिखर दर्शन पूजन कर विश्व से कोरोना वायरस को निजात दिलाने की प्रार्थना बाबा महाकाल से की।

इसके बाद वे प्रवक्ता नूरी खान के घर पहुंचे। विगत कुछ ही दिनों में कई धाराओं में अलग अलग मामलों में नूरी खान पर FIR दर्ज हो चुकी है। जिसमें नूरी ने विगत दिनों अस्पतालों की बिगड़ती व्यवस्थाओं पर अस्पताल पहुंच कर व निजी ऑक्सीजन प्लांट जिसे शासन ने अपने अंडर में कर रखा है उसको लेकर कई तरह के आरोप सरकार पर लगाए थे।

एक मामले में नूरी पर धारा 144 के उल्लंघन मामले में सीधा जेल भेजा गया था। दरअसल नूरी विगत दिनों उज्जैन पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी के पास कई मुद्दों पर आवदेन देने फूल लेकर गई थी, जहां नूरी की पुलिस से तीखी बहस हुई थी। इसी मामले में नूरी को जेल भेजा गया था।

इसके बाद में सीएम शिवराजसिंह के आगमन पर नूरी को बिना जमानत के छोड़ने की मांग कांग्रेस ने रखी थी। हालांकि नूरी को जमानत पर छोड़ा गया था। आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ नूरी के घर पहुंचे है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नूरी को जल्द ही कोई बड़ी जिम्मेदारी कांग्रेस देने वाली है।

Leave a Comment