राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता:जिम्नास्टिक और मलखंभ में हुनर दिखाने पहुंचे 9 संभागों के 441 खिलाड़ी

शासकीय श्रीकृष्ण सरल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजवाड़ा क्रमांक-2 के परिसर में गुरुवार को 66वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। इस प्रतियोगिता में जिमनास्टिक आैर मलखंभ में हुनर दिखाने के लिए 9 संभागों के 441 खिलाड़ी विद्यार्थी उज्जैन पहुंचे हैं।

गुरुवार दोपहर 12 बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ होना था लेकिन मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री इंदरसिंह परमार के देरी से आने के कारण लगभग एक घंटे की देरी से कार्यक्रम शुरू हुआ। अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक पारस जैन ने की।

विशेष अतिथि के रूप में महापौर मुकेश टटवाल, भाजपा नगराध्यक्ष विवेक जोशी, यूडीए के पूर्व अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मप्र फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष ओम जैन, पार्षद शिवेंद्र तिवारी, रजत मेहता एवं एमजी सूपेकर उपस्थित थे। अतिथियों ने मध्यप्रदेश के ध्वज का ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद 9 संभागों से आए हुए प्रतिभागी खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया।

अतिथियों का स्वागत संयुक्त संचालक (शिक्षा) आरके सिंह एवं डीईओ आनंद शर्मा ने किया। कार्यक्रम में शासकीय उत्कृष्ट उमावि माधवनगर की छात्रा तनिष्का पंथी ने गणेश वंदना की सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। शासकीय धानमंडी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने राजस्थानी लोक गीत की प्रस्तुति दी।

वहीं रजनी नरवरिया के मार्गदर्शन में नन्हें बालक-बालिकाओं ने लाठी चालन विधा की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर अतिथियों ने 5 करोड़ की लागत से बने बहुउद्देशीय जिम्नेशियम हॉल का भी लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद अतिथियों ने खिलाड़ी विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

खेल-शिक्षा के लिए शासन संकल्पित है- परमार

इस मौके पर मंत्री परमार ने कहा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप ही खेलों के माध्यम से शिक्षा का प्रचार-प्रसार करने के लिए शासन दृढ़ संकल्पित है। परमार ने उज्जैन को जिम्नेशियम हॉल की सौगात देने के लिए पूर्व मंत्री पारस जैन और समाजसेवी नवीन आर्य की भी सराहना की।

अध्यक्षता करते हुए विधायक जैन ने खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। खिलाड़ी छात्रा दृष्टि तिवारी एवं मोहन धाकड़ ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। संचालन शैलेंद्र व्यास ने किया।

आभार सहायक संचालक (खेल) अरविंद जोशी ने माना। प्रचार-प्रसार समिति के संयोजक अमितोज भार्गव एवं संजय लालवानी ने बताया 9 संभागों से 441 प्रतिभागी खिलाड़ी और करीब 80 ऑफिशियल्स इस प्रतिस्पर्धा में सहभागिता कर रहे हैं।

निर्णायक संजय जौहरी के अनुसार पहले दिन शाम को बहुउद्देशीय जिम्नेशियम हॉल में कलात्मक जिमनास्टिक के बालक-बालिका वर्ग में प्रारंभिक मुकाबले शुरू हुए। मलखंभ के मुकाबले भारत माता मंदिर परिसर स्थित माधव सेवा न्यास में शुक्रवार से शुरू होंगे।

Leave a Comment