लोगों की जागरूकता से पकड़ाया एक चैन स्नेचर

उज्जैन। बीती रात बाजार से खरीदी कर घर लौट रही महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र झपटकर भागने का प्रयास किया। महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग सक्रिय हुए, बदमाशों का पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया लेकिन दूसरा तेजगति से बाइक चलाकर भागने में सफल हो गया। जीवाजीगंज पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया है।

विद्या पति देवेन्द्र व्यास (55 वर्ष) निवासी अब्दालपुरा ननंद रजनी व बच्चों के साथ बाजार में कपड़ों की खरीददारी करने गई थीं। जहां से पैदल लौटते समय गीता कॉलोनी के समीप बाइक पर सवार दो बदमाशों ने विद्या के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और तेजगति से बाइक चलाकर भागे। महिला द्वारा शोर मचाने पर लोगों ने बदमाशों का पीछा किया और खजूरवाली मस्जिद पहुंचकर बाइक के पीछे बैठे युवक को पकड़कर धुनाई कर दी।

इस दौरान बाइक चलाने वाला बदमाश भाग निकला। देवेन्द्र व्यास ने बताया कि पीछे बैठे बदमाश ने ही मंगलसूत्र झपटा था। उसके पास से मंगलसूत्र का टूटा हिस्सा बरामद भी कर लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़ाया बदमाश नागदा का रहने वाला है जबकि बाइक रतलाम पासिंग है। साथी के बारे में पूछताछ की जा रही है।

Leave a Comment