आज से मतदाता नाम जुड़वा-घटवा सकेंगे:चार साल में जिले में बढ़े 67 हजार से ज्यादा मतदाता, अब सूची में 1493600 मतदाता, सर्वाधिक 250923 दक्षिण विस में

2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। निर्वाचन कार्यालय ने तैयारियां शुरू कर दी है। जनवरी 2023 की स्थिति में प्रकाशित भारत निर्वाचन की सूची में जिले की सभी सातों विधानसभाओं में 14 लाख 93 हजार 600 मतदाता के नाम शामिल हैं। पिछले चुनाव में यह आंकड़ा 14 लाख 26 हजार 230 था यानी तब (दिसंबर 2018 से जनवरी 2023 तक) के इन करीब 50 महीने (चार साल दाे माह) में सातों विधानसभा में 67 हजार 370 मतदाता बढ़े है।

सर्वाधिक 2 लाख 50 हजार 923 मतदाता दक्षिण विधानसभा में हैं, जबकि सबसे कम 1 लाख 83 हजार 691 तराना विधानसभा में। फाइनल सूची का प्रकाशन चुनाव से पहले भी होगा। ऐसे में अभी जो प्रकाशन हुआ है, उसे देखने के बाद लोग शुक्रवार से ही सूची में नाम जुड़वाने-घटवाने के अलावा जानकारी संशोधित करवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। ऐसे नव युवा जो वर्ष 2023 के 1 अप्रैल, 1 जुलाई व 1 अक्टूबर की स्थिति में 18 वर्ष के होने जा रहे हैं, वे भी सूची में नाम जोड़ने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकेंगे।

इन फार्म व बिंदुओं से समझें अपने काम की बात

  • भारत निर्वाचन आयोग ने 1 अगस्त 2022 से नए फार्म नंबर 6, 7 व 8 लागू किए हैं। यह सभी अलग-अलग उपयोग के हैं।
  • फार्म नंबर 6 नए मतदाता का नाम जोड़ने के लिए है।
  • फार्म नंबर 7 सूची में दर्ज नाम को हटाने के लिए है।
  • फार्म नंबर 8 सूची में दर्ज जानकारी में संशोधन के लिए है।
  • मतदाता इन फार्म का उपयोग वाेटर हेल्पलाइन एप (वीएम) या फिर नेशनल वाेटर सर्विस पोर्टल पर ऑनलाइन रूप से कर सकते हैं। या फिर अपने निवास क्षेत्र के मतदान केंद्र के बीएलओ या विधानसभा कार्यालय में उसे फार्म जमा करवाना होगा)

नए युवाओं को अग्रिम आवेदन की छूट- ऐसे नए युवा जो कि वर्ष 2023 में 1 अप्रैल, 1 जुलाई व 1 अक्टूबर को 18 वर्ष के होने जा रहे हैं, वे भी फार्म 6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

  • तब और अब के मतदाता के आंकड़े
  • विधानसभा वर्ष 2018 जनवरी 2023
  • उज्जैन उत्तर 217872 220802
  • उज्जैन दक्षिण 243585 250923
  • बड़नगर 187722 197373
  • नागदा-खाचरौद 204593 216256
  • महिदपुर 193717 207647
  • घटि्टया 204613 216908
  • तराना 174128 183691
  • कुल 1426230 1493600

(करीब 50 महीने में जिले की सभी विधानसभाओं में 67 हजार 370 मतदाता बढ़ गए। इसी वर्ष के अंत में होना है चुनाव।)

मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया है। जिले में 67 हजार से अधिक मतदाता बढ़े हैं। शुक्रवार से नाम जुड़वाने-घटवाने व संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
वीरेंद्रसिंह दांगी, उप निर्वाचन अधिकारी

Leave a Comment