- महाकाल मंदिर का नंदी हॉल बदलेगा रूप, 20 लाख की लागत से होगा सौंदर्यीकरण; सावन से पहले पूरा करने की तैयारी
- महाकाल मंदिर में भस्म आरती के नाम पर फिर ठगी, गुजरात की दो महिलाओं से 42 हजार रुपए वसूले; पुलिस ने शुरू की जांच
- शनिचरी अमावस्या पर उज्जैन के शनि मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 24 घंटे में 1000 लीटर से ज्यादा तेल चढ़ा; घाटों से हटाए गए कपड़े और जूते-चप्पल
- “मैं पापा के साथ जाऊंगा…”: उज्जैन कोर्ट में मासूम की जिद के बाद पिता संग भैरवगढ़ जेल पहुंचा 4 साल का बच्चा
- बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम, कप्तान हरमनप्रीत कौर समेत खिलाड़ियों ने भस्म आरती में लिया आशीर्वाद
‘सेवक हो सेवक की तरह रहो…नेता मत बनो’ : संभागायुक्त एमबी ओझा
उज्जैन | महाकाल मंदिर के कर्मचारी मंगलवार को लामबंद होकर वेतनवृद्घि समिति विभिन्न मांगों को मनवाने के लिए संभागायुक्त एमबी ओझा से मिलने पहुंचे। कर्मचारियों को देखते ही संभागायुक्त भड़क गए। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर सेवा का स्थान है। लाभ कमाने का जरिया नहीं है। सेवक हो सेवक की तरह रहो। नेतागिरी बंद करो और काम पर लौट जाओ।
मंदिर प्रबंध समिति के कुछ कर्मचारी अन्य कर्मचारियों के साथ वेतनवृद्घि, बोनस, अवकाश आदि मांगों को लेकर लामबंदी कर रहे थे। सूत्र बताते हैं कि कर्मचारियों को कुछ अधिकारियों का भीतर से सहयोग मिल रहा था। कर्मचारियों ने सोशल मीडिया पर ग्रुप तक बना लिया। मंगलवार को कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर संभागायुक्त एमबी ओझा के पास पहुंचे। कर्मचारियों की लामबंदी पर संभागायुक्त ने नाराजी जताई। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि महाकाल मंदिर में सेवाभाव से काम करना चाहिए। इसे लाभ कमाने की दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। अगर कोई उचित मांग है तो उसका निराकरण होगा, मगर लामबंदी किसी भी स्थिति में ठीक नहीं है। गौरतलब है कि संभागायुक्त पूर्व में भी महाकाल मंदिर कर्मचारियों को दिए जा रहे अतिरिक्त हितलाभ को लेकर नाराजी जता चुके हैं।
फटकार के बाद दो धड़ों में बंटे
सूत्रों ने बताया कि संभागायुक्त की फटकार के बाद कर्मचारी दो धड़ों में बंट गए हैं। एक धड़ा मांगों को लेकर अड़ा है, जबकि दूसरे धड़े का कहना है कि 54 कर्मचारी अपने लाभ के लिए दूसरों को भी अफसरों का कोपभाजन बना रहे हैं। इससे नियमित रूप से मिलने वाले लाभों पर भी रोक लग सकती है।