- नंदी हाल से गर्भगृह तक गूंजे मंत्र—महाकाल के अभिषेक, भस्मारती और श्रृंगार के पावन क्षणों को देखने उमड़े श्रद्धालु
- महाकाल की भस्म आरती में दिखी जुबिन नौटियाल की गहन भक्ति: तड़के 4 बजे किए दर्शन, इंडिया टूर से पहले लिया आशीर्वाद
- उज्जैन SP का तड़के औचक एक्शन: नीलगंगा थाने में हड़कंप, ड्यूटी से गायब मिले 14 पुलिसकर्मी—एक दिन का वेतन काटने के आदेश
- सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश, उज्जैन में निकला भव्य एकता मार्च
- सोयाबीन बेचकर पैसा जमा कराने आए थे… बैंक के अंदर ही हो गई लाखों की चोरी; दो महिलाओं ने शॉल की आड़ में की चोरी… मिनट भर में 1 लाख गायब!
सिंहस्थ-2028 की तैयारी में कोई कमी नहीं: CM डॉ. मोहन यादव बोले – दुनिया देखेगी सिंहस्थ-2028 का वैभव, कहा – उज्जैन के प्रमुख मंदिरों का भी किया जाएगा विस्तारीकरण!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान कहा कि आने वाला सिंहस्थ-2028 केवल उज्जैन ही नहीं बल्कि पूरे भारत की संस्कृति और आस्था का वैभव पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। उन्होंने बताया कि सिंहस्थ के लिए 2,675 करोड़ रुपये की लागत से 33 बड़े कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है। इनमें शिप्रा नदी पर आधुनिक घाट, नए पुल, विस्तारित सड़कें और मंदिरों का उन्नयन शामिल है।
सिंहस्थ के लिए नए घाट और पुल
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिप्रा नदी के किनारे लगभग 30 किलोमीटर लंबे आधुनिक और सुविधायुक्त घाट बनाए जा रहे हैं। वहीं पुराने घाटों का नवीनीकरण भी होगा ताकि सिंहस्थ में आने वाले करीब 5 करोड़ श्रद्धालुओं को सुगम स्नान की सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि शिप्रा पर 77 करोड़ से अधिक की लागत से चार नए पुल बनाए जाएंगे। इनमें लालपुल और काल भैरव मार्ग पर पुल भी शामिल हैं। इन निर्माणों के बाद शिप्रा को “पुलों वाली नदी” के नाम से भी जाना जाएगा।
उज्जैन की बदलती तस्वीर
डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन का कायाकल्प करने वाले इन विकास कार्यों से शहर को नई पहचान मिलेगी। जल्द ही उज्जैन में मेट्रो ट्रेन प्रोजेक्ट भी शुरू किया जाएगा। इसके अलावा पंचक्रोशी यात्रा मार्ग पर छह पड़ावों पर सुविधा केंद्र (डोम, शौचालय, रसोईघर) विकसित किए जाएंगे।
370 करोड़ की सौगात
नवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उज्जैन को लगभग 370 करोड़ रुपये की लागत से 11 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें प्रमुख रूप से –
-
27.06 करोड़ की लागत से शिप्रा पर कार्तिक चौक-शंकराचार्य चौराहा मार्ग पर नया पुल।
-
17.69 करोड़ से लालपुल के पास 4 लेन का नया पुल।
-
13.96 करोड़ से काल भैरव से गढ़कालिका मार्ग जोड़ने वाला टू लेन पुल।
-
15.86 करोड़ से चिंतामन रेलवे स्टेशन मार्ग पर नया 4 लेन पुल।
-
20.64 करोड़ से शहर की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों पर 10 किमी दूरी पर विश्राम गृह।
-
19.18 करोड़ से सेंट्रल जेल उज्जैन में आवास गृह।
-
24.08 करोड़ से माधवनगर के सिविल अस्पताल को 100 से 200 बिस्तरों में उन्नयन।
-
49.10 करोड़ से मुल्लापुरा में 50 कमरों वाला सर्किट हाउस।
-
14.52 करोड़ से पंचक्रोशी यात्रा मार्ग पर सुविधा केंद्र।
आधुनिक प्रशासनिक भवन की नींव
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 135 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 7 मंजिला संयुक्त प्रशासनिक भवन का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यह भवन सुशासन और लोककल्याण का प्रतीक बनेगा। यहां जिले के सभी कार्यालय एक ही छत के नीचे रहेंगे जिससे जनता को सुविधा होगी।
श्रद्धांजलि और सहायता राशि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने प्रवास के दौरान पीपलीनाका स्थित दिवंगत पुलिसकर्मी स्व. अशोक शर्मा के निवास पहुंचकर तीनों पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और आर्थिक सहायता राशि सौंपी।
-
स्व. अशोक शर्मा और स्व. मदनलाल निनामा के परिजन को 1-1 करोड़ रुपये।
-
स्व. आरती पाल के परिजन को 59 लाख रुपये।
इसके साथ ही सभी प्रभावित परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा की गई।
जनप्रतिनिधियों ने सराहा
विधायक सतीश मालवीय और अनिल जैन कालूखेड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में उज्जैन की दिशा और दशा दोनों बदल रही है। विधायक कालूखेड़ा ने कहा कि कान्ह नदी का पानी शिप्रा में न मिले, इसके लिए कान्ह डायवर्जन योजना तेज गति से चल रही है।
सिंहस्थ को मिलेगा भव्य रूप
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ केवल धार्मिक पर्व नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति का विराट प्रदर्शन होगा। साधु-संतों की मंशानुसार तैयारियां हो रही हैं। क्राउड मैनेजमेंट से लेकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की कनेक्टिविटी तक हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है।