- नंदी हाल से गर्भगृह तक गूंजे मंत्र—महाकाल के अभिषेक, भस्मारती और श्रृंगार के पावन क्षणों को देखने उमड़े श्रद्धालु
- महाकाल की भस्म आरती में दिखी जुबिन नौटियाल की गहन भक्ति: तड़के 4 बजे किए दर्शन, इंडिया टूर से पहले लिया आशीर्वाद
- उज्जैन SP का तड़के औचक एक्शन: नीलगंगा थाने में हड़कंप, ड्यूटी से गायब मिले 14 पुलिसकर्मी—एक दिन का वेतन काटने के आदेश
- सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश, उज्जैन में निकला भव्य एकता मार्च
- सोयाबीन बेचकर पैसा जमा कराने आए थे… बैंक के अंदर ही हो गई लाखों की चोरी; दो महिलाओं ने शॉल की आड़ में की चोरी… मिनट भर में 1 लाख गायब!
उज्जैन में दीपावली की रौनक के साथ भक्ति और उत्साह से मनाई गई गोवर्धन पूजा, महाकालेश्वर मंदिर समिति और इस्कॉन गौशालाओं में हुई विशेष अराधना
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में बुधवार को दीपावली पर्व की रौनक के साथ गोवर्धन पूजा भी बड़े उत्साह और भक्ति के साथ मनाई गई। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह पर्व श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से संपन्न किया। इस्कॉन मंदिर और श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की गौशाला में विशेष आयोजन किए गए।
महाकालेश्वर मंदिर समिति की गौशाला (चिंतामन जवासिया) में करीब 260 गायों को नहलाया-धुलाया और सजाया गया। गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई गई और विधिपूर्वक पूजन कर विभिन्न पकवानों का भोग गायों को अर्पित किया गया।
इस्कॉन मंदिर, भारतपुरी में भी सुबह से ही धार्मिक आयोजन शुरू हुए। यहां भी गोबर से गोवर्धन पर्वत की झांकी बनाई गई और भोग अर्पित किया गया। दोपहर में विशेष पूजन और महाआरती संपन्न हुई।
बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को तिलकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर गौशाला में गोवर्धन पूजा की। उन्होंने गौमाता की पूजा-अर्चना की और विशाल गौ-अन्नकूट में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ सेवा और प्रकृति का सम्मान हर घर और हर गांव में होना चाहिए। उन्होंने बताया कि गोमाता अपने बछड़े के साथ सभी का ध्यान रखती हैं और गोवर्धन पूजा हमारी सनातन संस्कृति का हिस्सा है, जो प्रकृति से जुड़े रहने की शिक्षा देती है।
डॉ. यादव ने यह भी बताया कि गौशालाओं में प्रत्येक गौमाता की सेवा के लिए अनुदान राशि 40 रुपए बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा दुग्ध उत्पादन के इच्छुक लोगों को शासन की ओर से अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने सौर पंप लगाने पर 90% अनुदान, सिंचाई क्षेत्र बढ़ाने के लिए नदी जोड़ो अभियान, और सोयाबीन के लिए भावांतर भुगतान योजना की भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से किसानों और व्यापारियों के बीच समन्वय बढ़ेगा, मंडियों में अनाज का उचित मूल्य मिलेगा और किसानों का सम्मान सुनिश्चित होगा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के भोग कक्ष प्रभारी कामठिन यशोदा शर्मा ने गौशाला परिसर में गोवर्धन पूजन किया और पकवानों का भोग अर्पित किया। इस अवसर पर महाकाल वैदिक प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के प्रभारी डॉ. पीयूष त्रिपाठी, गौशाला प्रभारी अभिषेक उपाध्याय, गोपाल सिंह कुशवाह, लड्डू प्रसाद यूनिट प्रभारी मनीष तिवारी सहित कई अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन, चिंतामणी मालवीय, नगर निगम सभापति कलावती यादव, संजय अग्रवाल, मनिष तल्लेड़ा, नारायण यादव, एडीजी उमेश जोगा, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा समेत अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया और मुख्यमंत्री को गौमाता की मूर्ति और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन जगदीश पांचाल ने किया।
दीपावली के अगले दिन मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा किसानों और गौपालकों के लिए विशेष महत्व रखती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश तभी समृद्ध होगा जब किसानों और गौवंश का विकास होगा।
इस अवसर पर सरकार द्वारा किसानों, व्यापारियों और गौपालकों के हित में कई योजनाओं की घोषणा की गई, जिनका उद्देश्य स्थानीय उत्पादन, फूड प्रोसेसिंग, और वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देना है।