- उज्जैन में BJP का स्थापना दिवस: 560 बूथों पर कार्यक्रम, जुलूस-आतिशबाजी के साथ मनाया जश्न; नेताओं ने बताया- भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी
- अलसुबह भस्म आरती में सजे बाबा महाकाल, मंदिर में गूंजा ‘जय श्री महाकाल’
- एक्ट्रेस कावेरी प्रियम ने महाकाल की भस्म आरती में की पूजा: बोलीं- यहां की ऊर्जा अद्भुत, 3 साल से आ रहीं उज्जैन!
- स्वस्ति वाचन से खुले पट; भांग-चंदन और पुष्पों से हुआ दिव्य श्रृंगार, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
- महाकाल की भस्म आरती में केंद्रीय मंत्री और क्रिकेटर पहुंचे: धर्मेंद्र प्रधान-उमेश यादव ने किया जलाभिषेक, दोनों ने लिया भगवान का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री मोहन यादव की घोषणा अब बनी हकीकत: अब ‘सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय’ कहलाएगा विक्रम विश्वविद्यालय, विधानसभा में विधेयक पारित!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन के लिए यह पल ऐतिहासिक है—विक्रम विश्वविद्यालय अब “सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय” के नाम से पहचाना जाएगा। वर्षों से यह मांग उठती रही थी कि इस प्राचीन नगरी की गौरवशाली पहचान, सम्राट विक्रमादित्य के नाम को विश्वविद्यालय से जोड़ा जाए। अब वह प्रतीक्षित सपना साकार हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस परिवर्तन की घोषणा 30 मार्च 2025 को विक्रम विश्वविद्यालय के 29वें दीक्षांत समारोह के दौरान की थी। इसके तुरंत बाद विश्वविद्यालय की आपात बैठक कुलपति प्रो. अर्पण भारद्वाज की अध्यक्षता में बुलाई गई, जहां कार्यपरिषद सदस्य राजेश सिंह कुशवाह की पहल पर नाम परिवर्तन का प्रस्ताव पारित हुआ और उसे राज्य शासन को भेजा गया।
इस प्रस्ताव को 4 अगस्त को विधानसभा में विधेयक के रूप में पारित किया गया। जैसे ही राज्यपाल की मंजूरी मिलेगी, विश्वविद्यालय के सभी दस्तावेज, नामपट्ट, प्रमाण पत्र और सरकारी अभिलेखों में इसे “सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय” के नाम से दर्ज किया जाएगा।
इस नाम परिवर्तन को केवल प्रतीकात्मक न मानें—यह उज्जैन की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और शैक्षणिक विरासत को और मजबूती देता है। सम्राट विक्रमादित्य न केवल अवंतिका के स्वर्ण युग के प्रतीक रहे हैं, बल्कि न्याय, ज्ञान और परंपरा के प्रतीक पुरुष भी माने जाते हैं।
विक्रम विश्वविद्यालय की स्थापना 1 मार्च 1957 को हुई थी, जिसकी आधारशिला 23 अक्टूबर 1956 को तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री गोविंद वल्लभ पंत ने रखी थी। उस ऐतिहासिक दिन की अध्यक्षता मध्यभारत के तत्कालीन राजप्रमुख जीवाजीराव सिंधिया ने की थी।
आज, जब विश्वविद्यालय का नाम भारत के महानतम सम्राटों में एक के नाम पर रखा जा रहा है, यह न केवल उज्जैन बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने इस ऐतिहासिक फैसले पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया है।