लोकसभा में बिग बॉस और OTT पर गरमाई बहस: उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने लगाया अश्लीलता फैलाने का आरोप, सलमान खान भी कटघरे में; फिरोजिया ने OTT प्लेटफॉर्म्स पर भी उठाए सवाल

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
लोकसभा में गुरुवार को एक बड़ा मुद्दा उठा, जिसने देशभर के दर्शकों और समाज में मनोरंजन के नाम पर परोसी जा रही सामग्री पर गहरी चिंता जताई। उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने लोकसभा के शून्यकाल में बिग बॉस और OTT प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ती अश्लीलता को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि ये शो भारतीय समाज की नैतिकता और पारिवारिक मूल्यों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं और इन पर तत्काल रोक लगनी चाहिए या फिर इनकी सख्त निगरानी की जानी चाहिए।
बिग बॉस: विवादों और अश्लीलता का मंच?
बिग बॉस, जो एक समय केवल एक सामान्य रियलिटी शो था, आज अपने विवादित कंटेंट, गाली-गलौच, अपमानजनक व्यवहार और अश्लीलता के लिए कुख्यात हो चुका है। उज्जैन सांसद ने कहा कि यह शो देशभर में बड़े पैमाने पर देखा जाता है, और इसकी अश्लील सामग्री बच्चों और युवाओं पर गहरा नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है।
सांसद अनिल फिरोजिया ने लोकसभा में कहा:
“इस शो का मुख्य आकर्षण विवाद और प्रतियोगियों के बीच अश्लीलता है। इसमें गाली-गलौच, यौन शोषण की स्थितियां और विवादित व्यवहार को बढ़ावा दिया जाता है। कई बार प्रतियोगियों की निजी जिंदगी की बातें सार्वजनिक रूप से सामने आती हैं, जिससे उनका अपमान होता है और यह दूसरों को भी गलत दिशा में ले जाता है। ऐसे कार्यक्रमों का हमारे युवाओं और बच्चों पर काफी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।”
सलमान खान भी कटघरे में, शो के विवादित कंटेंट को मजाक में बदलने का आरोप
सांसद फिरोजिया ने बिग बॉस के होस्ट सलमान खान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सलमान खान इस शो की पहुंच और लोकप्रियता को बढ़ाते हैं, लेकिन जब शो में अभद्रता, गाली-गलौच या अनुचित व्यवहार होता है, तो वे इसे मजाक में बदलकर पेश करते हैं।
फिरोजिया ने कहा, ” बिग बॉस शो के होस्ट सलमान खान हैं। उनकी फेम और व्यक्तित्व के कारण इस शो की पहुंच काफी व्यापक हो जाती है। यह शो अक्सर विवादों में उलझा रहता है। सलमान कभी-कभी शो के विवादास्पद और अश्लील हिस्सों को हंसी में उड़ा देते हैं, जिससे ये घटनाएं गंभीरता से नहीं बल्कि मजाकिया तरीके से पेश होती हैं।”
OTT प्लेटफॉर्म्स पर भी उठाए सवाल, सरकार से की निगरानी की मांग
सांसद फिरोजिया ने OTT प्लेटफॉर्म्स पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये प्लेटफॉर्म बिना किसी सेंसरशिप के काम कर रहे हैं और मनोरंजन के नाम पर गंदगी परोसी जा रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि OTT प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए और सुनिश्चित किया जाए कि वे भारतीय समाज के नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप कंटेंट पेश करें।