- भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले उज्जैन में विशेष अनुष्ठान: अंगारेश्वर मंदिर में टीम इंडिया की जीत की प्रार्थना, शाम 7 बजे कोलंबो में हाई-वोल्टेज टक्कर; श्रीलंकाई पिच और मौसम पर सबकी नजर
- महाशिवरात्रि पर उज्जैन उमड़ा आस्था का सैलाब: अब तक 2.20 लाख श्रद्धालु पहुंचे, आज 10 लाख का अनुमान
- महाशिवरात्रि से पहले महाकाल दरबार में अंतरराष्ट्रीय पुष्प सज्जा की शुरुआत: 40 से अधिक विदेशी फूलों से सजेगा परिसर; बेंगलुरु से आए 200+ कलाकार तैयारियों में जुटे
- उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के विशेष पूजा-विधि: स्वस्ति वाचन के साथ खुले पट, राजा स्वरूप में सजा दरबार
- महाशिवरात्रि से पहले उज्जैन में हाई अलर्ट: देवास गेट से रेलवे स्टेशन तक संयुक्त सर्च ऑपरेशन, 100 पुलिसकर्मी पांच टीमों में तैनात
भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले उज्जैन में विशेष अनुष्ठान: अंगारेश्वर मंदिर में टीम इंडिया की जीत की प्रार्थना, शाम 7 बजे कोलंबो में हाई-वोल्टेज टक्कर; श्रीलंकाई पिच और मौसम पर सबकी नजर
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
श्रीलंका में रविवार को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। उज्जैन के प्रसिद्ध अंगारेश्वर मंदिर में भारतीय टीम की जीत की कामना के साथ विशेष अनुष्ठान आयोजित किया गया। पंडित-पुजारियों और क्रिकेट प्रेमियों ने मिलकर हवन किया और टीम इंडिया की सफलता के लिए प्रार्थना की।
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के इस मुकाबले में दोनों टीमें रविवार शाम आमने-सामने होंगी। मैच का समय शाम 7 बजे तय है, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। देशभर में फैन्स अपने-अपने तरीके से भारतीय टीम के समर्थन में पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
खिलाड़ियों के चित्र रखकर की गई आराधना
रविवार सुबह मंदिर में करीब 50 से अधिक पंडे-पुजारियों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा की। सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे सहित टीम के खिलाड़ियों के फोटो शिवलिंग के समीप रखे गए और विधि-विधान से पूजन संपन्न किया गया।
मंदिर के पुजारी मनीष उपाध्याय ने बताया कि समस्त ब्राह्मण पुजारी परिवार ने भगवान अंगारेश्वर से प्रार्थना की है कि टीम इंडिया विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाए। उन्होंने कहा कि अंगारेश्वर भगवान शक्ति और पराक्रम के प्रतीक माने जाते हैं, इसलिए उनसे विजय का आशीर्वाद मांगा गया है।
मुकाबले की पूरी तस्वीर
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। कोलंबो में फिलहाल बारिश हो रही है और दिन में वर्षा की संभावना जताई गई है। हालांकि मैच के समय बारिश की आशंका लगभग 10 प्रतिशत बताई गई है।
भारत टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब 2007 और 2024 में जीत चुका है। 2007 में टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर अपना पहला खिताब हासिल किया था। पाकिस्तान 2009 का चैंपियन है और 2007 व 2022 में उपविजेता रह चुका है।
श्रीलंका की पिच पर पाकिस्तान के गेंदबाज उस्मान तारिक भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती माने जा रहे हैं। उनकी गेंदबाजी में स्पीड वेरिएशन, एंगल और रुककर गेंद डालने की शैली खास मानी जाती है, जो बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकती है।
आंकड़ों में भारत आगे
टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं, जिनमें 7 में भारत और 1 में पाकिस्तान विजयी रहा है। ओवरऑल टी-20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड देखें तो 16 मैचों में 13 बार भारत और 3 बार पाकिस्तान जीता है।
टूर्नामेंट में भारत लगातार 10 मैच जीत चुका है। 2024 में टीम ने 8 मुकाबले जीते थे और 2026 में दो और जीत दर्ज कर यह सिलसिला कायम रखा है।
संभावित प्लेइंग-11
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद।
भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह/कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
धार्मिक उत्साह और क्रिकेट रोमांच—दोनों का संगम इस रविवार देखने को मिल रहा है। अब निगाहें कोलंबो में होने वाली इस हाई-वोल्टेज भिड़ंत पर टिकी हैं।