महाकाल की नगरी में दुल्हन बनी ठग! शादी के नाम पर की 3.5 लाख की ठगी, दूल्हे के परिवार ने रंगे हाथों पकड़ा; अब पुलिस की गिरफ्त में …

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में एक ऐसी शादी हुई, जो दो दिन बाद ही एक बड़े ड्रामे में बदल गई। दूल्हे और उसके परिवार को क्या पता था कि जिस बहू को वे इतने अरमानों से घर ला रहे हैं, वह असल में लुटेरी दुल्हन निकलेगी! मामला तब सामने आया जब दुल्हन सोनाली आधी रात को भागने की फिराक में थी, लेकिन परिजनों की सतर्कता से यह खेल वहीं पर खत्म हो गया।

शादी के नाम पर ठगी – 3.5 लाख में मिला धोखा!

32 वर्षीय अखिलेश पाटीदार, जो गायत्री नगर में रहते हैं और फोटो कॉपी की दुकान चलाते हैं, लंबे समय से शादी के लिए लड़की देख रहे थे। उनकी तलाश खत्म हुई शाजापुर की एक महिला पुष्पा सोनी से मिलने के बाद। पुष्पा ने अखिलेश और उनके परिवार को जलगांव (महाराष्ट्र) की सोनाली पाटिल की तस्वीर दिखाकर रिश्ता पक्का कराया। साथ ही, अपने गिरोह की साथी बेबी पाटिल को भी इस ठगी में शामिल कर लिया। शादी के नाम पर धीरे-धीरे परिजनों से 3.5 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।

महाकाल की नगरी में फर्जी रिश्तों का खेल

28 जनवरी को बड़ी धूमधाम से चिंतामण गणेश मंदिर में शादी हुई। लेकिन इस शादी में जो लोग दुल्हन की ओर से शामिल हुए, वे भी स्क्रिप्टेड किरदार थे। सोनाली की “मां” और “बहन” बनकर दो महिलाएं आई थीं, जो असल में पुष्पा की साथी थीं।

शादी के बाद पहली रात सब ठीक रहा, मगर दूसरी रात कुछ ऐसा हुआ जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

जब दुल्हन का खेल हुआ फेल!

29 और 30 जनवरी को सोनाली की हरकतें संदिग्ध लगने लगीं। आधी रात को जब सब सो रहे थे, दुल्हन घर से भागने की तैयारी में थी। वह चुपचाप अपना सामान समेट रही थी कि तभी दूल्हे के परिजनों को भनक लग गई। शक होते ही परिवार के लोग सतर्क हो गए और पुलिस को सूचना दे दी। जब पुलिस थाने पहुंची, तो जो खुलासा हुआ, उसने सबके होश उड़ा दिए!

दुल्हन का कबूलनामा – “मैं बस दो दिन के लिए आई थी!”

पुलिस पूछताछ में सोनाली ने स्वीकार कर लिया कि वह असली पत्नी नहीं, बल्कि “शादी के नाम पर ठगी” करने वाली गैंग का हिस्सा थी। उसका काम था शादी करना, दो-तीन दिन तक बहू बनकर रहना और फिर मौका पाकर फरार हो जाना।

गिरफ्तार हुई लुटेरी दुल्हन और गैंग!
अखिलेश की शिकायत पर पुलिस ने सोनाली, पुष्पा सोनी और बेबी पाटिल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। लुटेरी दुल्हन को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है, जबकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गैंग ने और कितने लोगों को इसी तरह शिकार बनाया है।

Leave a Comment