- चैत्र मास की पहली जत्रा शुरू, चिंतामण गणेश मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब; प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
- चंद्र ग्रहण के बाद धुलेंडी पर रंगों की बरसात, संतों से लेकर युवाओं तक छाया उत्साह
- भक्तों के लिए जरूरी अपडेट: महाकाल मंदिर में बदले आरती के समय, धुलेंडी के बाद लागू नई व्यवस्था!
- महाकाल दरबार में तड़के भस्म आरती: राजा स्वरूप में सजे बाबा, श्रद्धालुओं ने किए अलौकिक दर्शन!
- भस्म आरती में शामिल हुए पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, नंदी हाल में बैठकर किया महाकाल का जाप
उज्जैन में आज निकलेगा संघ का अब तक का सबसे भव्य पथ संचलन: 20 हज़ार स्वयंसेवक एक साथ देंगे राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश, 7 स्थानों से निकलेगा पथ संचलन!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर भव्य पथ संचलन निकाला जाएगा। शहर के इतिहास में यह सबसे बड़ा और अनुशासित आयोजन माना जा रहा है, जिसमें करीब 20 हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। पथ संचलन शाम 4 बजे से एक साथ सात अलग-अलग नगरों से प्रारंभ होगा और शहरभर में राष्ट्रभक्ति, एकता और संस्कारों का संदेश देगा।
संघ के प्रचार प्रमुख ओजस व्यास ने बताया कि विजयादशमी पर्व के साथ ही संघ ने अपना शताब्दी वर्ष प्रारंभ किया है। उज्जैन महानगर में इस अवसर को यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक नगर से लगभग 3 हजार स्वयंसेवक निर्धारित मार्गों से अनुशासनबद्ध संचलन करते हुए शहरवासियों को राष्ट्र सेवा और एकजुटता का संदेश देंगे। संचलन के पहले संघ के वरिष्ठ अधिकारी स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे।
सात नगरों से निकलेगा पथ संचलन
1️⃣ केशव नगर:
संचलन देवास गेट स्थित पुराना माधव कॉलेज मैदान से शुरू होकर मालीपुरा, दौलतगंज, महाकाल चौराहा, गुदरी, गोपाल मंदिर, छत्री चौक, बड़ा सराफा, सतीगेट, नई सड़क और आर्य समाज मार्ग से होते हुए पुनः माधव कॉलेज मैदान पर समाप्त होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित अमर डब्बावाला, अध्यक्ष अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा युवा प्रकोष्ठ करेंगे, वहीं अशोक सोह, वरिष्ठ स्वयंसेवक मुख्य वक्ता रहेंगे।
2️⃣ विक्रमादित्य नगर:
यह संचलन क्षीरसागर मैदान से निकलकर घाटी, नई सड़क, तेलीवाड़ा, गीता कॉलोनी, बियाबानी चौराहा और मेट्रो टॉकीज मार्ग से होते हुए पुनः क्षीरसागर मैदान पर पहुंचेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश वर्मा, अध्यक्ष आदिवासी मांझी समाज करेंगे और शंभू प्रसाद गिरी, अखिल भारतीय सह संयोजक, ग्राम विकास मुख्य वक्ता रहेंगे।
3️⃣ मधुकर नगर:
पथ संचलन पीपलीनाका चौराहा स्थित गुमानदेव मैदान से प्रारंभ होकर जाट धर्मशाला, गांधी नगर, फल मंडी, पिपली नाका होकर पुनः गुमानदेव मैदान पर समाप्त होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत श्री विशाल दास जी महाराज, निर्वाणी अखाड़ा एवं अध्यक्ष, अखिल भारतीय संत समिति (जिला उज्जैन) करेंगे, जबकि गोपाल देराड़ी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य संबोधित करेंगे।
4️⃣ सुदर्शन नगर:
संचलन सेंट पॉल स्कूल मैदान से निकलकर आगर रोड, 5 नम्बर नाका, बापू नगर, कानीपुरा रोड, मक्सी रोड से होते हुए पुनः स्कूल मैदान पर सम्पन्न होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अवतार सिंह अरोरा, पेट्रोल पंप व्यवसायी करेंगे और विक्रम रघुवंशी, प्रांत धर्म जागरण संयोजक मुख्य वक्ता होंगे।
5️⃣ माधव नगर:
यह पथ संचलन दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर सुराना पैलेस, सेठीनगर, लक्ष्मीनगर, अशोक नगर, सांदीपनि चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम, लिनन शोरूम से होते हुए वापस दशहरा मैदान पहुंचेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अकृत जैन, चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं अध्यक्ष, इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (उज्जैन शाखा) करेंगे, और गिरीश (इंदौर) मुख्य वक्ता होंगे।
6️⃣ राजेन्द्र नगर:
संचलन शास्त्री नगर मैदान से शुरू होकर शांति नगर, न्यू इंदिरा नगर, सिंधी कॉलोनी से होते हुए पुनः मैदान पर समाप्त होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ऋद्धि खण्डेलवाल, संचालक वृद्धि डायग्नोस्टिक (फ्रीगंज) करेंगी, जबकि दिनेश गुप्ता, प्रांत संयोजक, सद्भाव कार्य, स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे।
7️⃣ कालिदास नगर:
यह संचलन गुरुजी खेल प्रशाल (स्पोर्ट्स एरीना, महा नंदानगर) से प्रारंभ होकर महानंदा नगर कॉम्प्लेक्स, अलकनंदा नगर, जवाहर नगर और ट्रेजर बाजार मार्ग से होता हुआ पुनः खेल प्रशाल पर सम्पन्न होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रमन सिंह सिकरवार, सेवानिवृत्त DIG करेंगे और चेनराम जैन, प्रांत सह संयोजक, घुमंतू कार्य उद्बोधन देंगे।
इस विशाल आयोजन को लेकर शहर प्रशासन ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। संघ के अनुसार, पथ संचलन का उद्देश्य समाज में एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत करना है।
उज्जैन की गलियों में रविवार को भगवा वेशभूषा में हज़ारों स्वयंसेवक जब कदमताल करते दिखेंगे, तो पूरा शहर राष्ट्रभक्ति और संस्कारों के रंग में रंग जाएगा।