पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष जैन पर आवारा मवेशी का हमला

मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, नेता प्रतिपक्ष वशिष्ठ ने व्यवस्था सुधारने के लिए कलेक्टर-आयुक्त को लिखा पत्र

उज्जैन:पर्यूषण पर्व के दौरान मंदिर से दर्शन करके लौट रहे शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष कैलाश जैन पर आवारा मवेशी ने हमला कर दिया। हमले में उनके पैर में चोट आई है। अचानक हुए हमले से जैन नीचे गिर गए थे। अन्य लोगों ने उन्हें बचाया।

शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष कैलाश जैन मंगलवार सुबह 9 बजे फ्रीगंज पुरानी सब्जी मंडी स्थित जैन मंदिर दर्शन करके लौट रहे थे। अचानक उन पर आवारा मवेशी ने हमला कर दिया। इससे वे नीचे गिर गए। उनके पीछे आ रहे बेटे संजय जैन और अन्य लोगों ने मवेशी को भगाकर उन्हें बचाया। हालांकि हमले में उनके पैर मेें चोट आई है। 84 साल के जैन की बायपास सर्जरी हो चुकी है। अगर मवेशी उनके सीने या अन्य स्थान पर हमला करती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

इधर घटना को लेकर नगर निगम प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र वशिष्ठ ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि शहर मेंं जहां-तहां आवारा पशु विचरण करते रहते हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। निगम के अफसरों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। बोर्ड के कार्यकाल का अंतिम महीना चल रहा है लेकिन नगर निगम की गतिविधि शून्य है। इसका उदाहरण जैन पर मवेशी का हमला है। उनका कहना है कि कलेक्टर और निगम आयुक्त को तत्काल ही इस मामले पर कार्रवाई करना चाहिए। ताकि इस तरह का हादसा फिर किसी के साथ न हो। वशिष्ठ का कहना है कि वे इस मामले को लेकर कलेक्टर आशीष सिंह और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल को भी पत्र लिखा हैं।

 

हर चौराहों पर मवेशियों का जमघट

शहर के हर चौराहे पर आवारा मवेशियों का जमघट लगा रहता है। इससे वाहन चालक या महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम ने पिछले दिनों आवारा मवेशियों को शहर से बाहर करने के लिए अभियान चलाया था, लेकिन वह पूरी तरह से सफल नहीं हो पाया।

 

त्योहार का सीजन व्यापारी भी परेशान

इस समय त्योहार का सीजन शुरू हो गया है। इससे लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। वहीं सड़क और चौराहे पर बैठे आवारा मवेशी लोगों के साथ व्यापारियों की लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। व्यापारियों का कहना है मवेशियों को पकड़कर शहर से बाहर करने के लिए निगम को अभियान चलाना चाहिए।

Leave a Comment