- CM मोहन यादव के विजन को रफ्तार: विक्रम विश्वविद्यालय ने शुरू किया अभियान, फार्मा कंपनियों को जोड़ने और स्टूडेंट्स को स्किल्ड बनाने पर फोकस
- सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज: रेल से आने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्था पर फोकस, अधिकारियों ने किया स्टेशनों का निरीक्षण
- महाकाल में तड़के भस्म आरती: राजा स्वरूप में सजे बाबा, गूंजा जय श्री महाकाल
- महाकाल के दरबार में सेलिब्रिटीज की मौजूदगी: रवि किशन और जानकी बोड़ीवाला ने किए दर्शन, मांगी देश-प्रदेश की खुशहाली
- भस्म आरती में महाकाल का दिव्य स्वरूप: भांग-चंदन से हुआ श्रृंगार, श्रद्धालुओं की भीड़
अधिकारियों का ध्यान हटते ही महाकाल मंदिर क्षेत्र में फिर बढऩे लगा अतिक्रमण
उज्जैन। पिछले माह महाकालेश्वर मंदिर के बाहर पूजन सामग्री व तस्वीर बेचने वाले एक व्यक्ति ने परिवार के साथ दर्शन करने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद कलेक्टर व एसपी के निर्देश पर महाकाल मंदिर के आसपास से अवैध दुकानें व अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की गई। माना जा रहा था कि नगर निगम द्वारा चलाई जा रही मुहिम के बाद यहां का नजारा कुछ बदलेगा लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं बल्कि अब प्रशासन का ध्यान इस क्षेत्र से हटते ही दुकानदारों ने अपने काउंटर बाहर रखना शुरू कर दिये हैं, इसके अलावा पुलिसकर्मी भी अपने दो पहिया वाहन चौकी के बाहर खड़े कर रहे हैं।
जयसिंहपुरा निवासी विष्णु पांचाल की महाकाल क्षेत्र में पूजन सामग्री व तस्वीर की दुकान संचालित करने वाले व्यापारी ने पिछले माह चाकू मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद पांचाल समाज के लोगों ने विष्णु का शव महाकाल मंदिर के बाहर रखकर गुण्डे बदमाशों की गिरफ्तारी, अवैध दुकानों व अतिक्रमण पूरी तरह हटाने की मांग कलेक्टर से की थी।
कलेक्टर के निर्देश पर ही महाकाल मंदिर से बड़ा गणेश मंदिर तक अवैध दुकानों को तोडऩे के साथ नगर निगम की गैंग ने वैध दुकानों के काउंटर तक अंदर करवा दिये थे, जबकि महाकाल चौराहे से भारत माता मंदिर की तरफ भी अवैध अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई जाना थी।
अधिकारियों ने इस मुहिम को यह कहकर बंद कर दिया था कि श्रावण मास के दौरान मंदिर व आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक है और मुहिम चलाने से लोगों को असुविधा होगी इसलिये सावन माह बीतने के बाद अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई जायेगी, लेकिन हुआ इसका उलट। श्रावण मास तो बीत गया और अधिकारियों का ध्यान अब अवैध अतिक्रमण हटाने की ओर नहीं रहा। इसी का फायदा उठाते हुए जिन लोगों ने अपनी दुकानों के काउंटर अंदर कर लिये थे वे अब सड़क पर कब्जा कर दुकानें चला रहे हैं। इसके अलावा मंदिर के बाहर यातायात पुलिस की चौकी के बाहर पुलिसकर्मियों द्वारा अपने दो पहिया वाहन भी खड़े किये जा रहे हैं।
आरोपी के घर के आसपास लगी श्रद्धालुओं के लिये कुर्सियां
जिस युवक ने विष्णु पांचाल की चाकू मारकर हत्या की थी उसके घर के दोनों ओर किया गया अवैध अतिक्रमण नगर निगम की टीम ने हटा दिया था और अब यहां पेवर ब्लाक लगाने के बाद खुली जगह पर श्रद्धालुओं के लिये कुर्सियां भी लगा दी गई हैं।
टीम पहुंचाएंगे
महाकाल मंदिर के आसपास से अवैध अतिक्रमण हटा दिया गया है। आगे अधिकारी निर्देशित करेंगे तो पुन: कार्रवाई शुरू की जायेगी। दुकानदारों द्वारा सड़क पर अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है तो टीम पहुंचाकर सामान जब्त किया जायेगा।
सुबोध जैन, सहायक आयुक्त नगर निगम